जिला प्रशासन ने गुरुवार को बालू घाट पर बाढ़ की तैयारी को लेकर मॉकड्रिल कराया। पीएसी व जल पुलिस की मौजूदगी में गोताखोर व स्थानीय लोगों को बाढ़ से निपटने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। डूबते लोगों को बचाने का अभ्यास भी किया गया। मॉकड्रिल में दिखाया गया कि एक नाव गंगा नदी की बीच धारा में अचानक पलटती और बचाव बचाव का शोर होता है। तभी रिस्क्यू टीम नाव से रवाना होती है और डूबते पांच लोगों को बचाया जाता है। घाट पर मौजूद गोताखोरों को तकनीकी जानकारियां दी गई। अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि बाढ़ आने पर घबराने की जरूरत नहीं है। धैर्य रखते हुए लोग एक दूसरे की मदद करें, डूबते हुए लोगों को बचाया जाए। इस दौरान एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी, तहसीलदार अर्सलानाज, पालिका ईओ मुकेश कुमार मिश्रा, नायब तहसीलदार पूर्णिमा तिवारी, कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्रा, लेखपाल मनोज यादव व अशोक सैनी आदि मौजूद रहे।