गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के रेल गंगा पुल पर बुधवार की शाम एक किशोरी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। वहीं, शव बीच रेल ट्रैक पर पड़ा होने के कारण लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही आगरा फोर्ट एक्सप्रेस 5:15 से 5:19 बजे तक गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। भाई ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार थी, उसका इलाज चल रहा था। मोहल्ला प्रेम नगर निवासी शालिनी गौतम (17) बुधवार की शाम करीब पांच बजे रेल गंगा पुल पर पहुंची और कुछ देर खड़ी रही। इसी बीच उधर से निकली लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन से कटकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंचे भाई अमन गौतम ने बताया कि उसकी छोटी बहन शालिनी गौतम मानसिक रूप से बीमार थी, उसका इलाज चल रहा था। इसके पहले भी शालिनी तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। आज भी सुबह उसने ऐसा करने को कहा तो वह ड्यूटी पर नहीं गया और रखवाली के लिए घर पर रहा। लेकिन बहन दोपहर करीब दो बजे दवा लेने के बहाने से घर से चली गई, इसके बाद उसकी मौत की खबर उसे मिली। उधर, पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।