पुलिस लाइन में कमिश्नरी स्थापना दिवस के अंतिम दिन पर कार्यक्रमों की शृंखला में गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम हुए। युवा आईपीएस समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने घुड़सवारी में लोहा मनवाया। वहीं, दमकल जवानों ने फायर फाइटिंग में जौहर दिखाए। डॉग निक्सन भी पीछे नहीं रहा, उसने भी भीड़ में छिपे पॉकेट मार को धर दबोचा। पुलिस लाइन ग्राउंड में हुई प्रदर्शनी में नौ घोड़ों ने करतब दिखाए। युवा आईपीएस अरुण कुमार यश ने घोड़े चेतक पर सवार होकर जौहर दिखाए तो लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। चेतक ने ग्राउंड पर खड़ी सात बाधाओं को पार किया। डेढ़ मीटर ऊंची और 90 सेमी लंबी छलांग लगाकर क्षमता दिखाई। अधिकारियों ने घुड़सवारी में जौहर दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।