सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने निलंबित होने के बाद डीएम जितेंद्र प्रसाद सिंह के खिलाफ मुंह खोला। यह भी कहा कि वह न्याय के लिए हाई कोर्ट जाएंगे। सीएसए स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में डीएम पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि डीएम उनसे पैसा मांगते रहे और सिस्टम में आने की सलाह देते रहे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ काम किया तो उनका निलंबन कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों को भी उन्होंने स्थिति बताई थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। डीएम और सीएमओ के बीच तनातनी का माहौल गुरुवार को निष्कर्ष पर पहुंच गया। शासन ने सीएमओ डॉ. नेमी को निलंबन का आदेश जारी कर दिया। निलंबन के बाद सीएमओ डॉ. नेमी खुलकर डीएम और अपने दूसरे विरोधियों के खिलाफ आ गए। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्पीड़न के कारण छह महीने में उनका 10 किलो वजन घटा है।