स्कूल बस के चालक द्वारा साइड नही देने से नाराज मनबढ़ों ने बृहस्पतिवार को स्कूल बस पर लाठियों व डंडे से हमला बोल दिया। आरोपियों ने पहले चालक को पीटना शुरू किया फिर बीच-बचाव करने पहुंचे सहायक और बच्चों की भी जमकर पिटाई कर दी। शिकायत पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को लेकर सीएचसी पहुंची जहां चालक की स्थिति गम्भीर देख डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। स्कूल बस सलेमपुर स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल से बच्चों को लेकर नोनापार गांव जा रही थी। प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों पर गम्भीर धाराओं में केस दर्ज किया है। वही घटना के बाद से बस में सवार स्कूली बच्चे डरे हुए है। बच्चों की हालत देख नोनापार गांव के लोगों में आरोपियों के प्रति आक्रोश है।