चहनिया विकासखंड के सरौली ग्राम सभा के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। गांव से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली तीन प्रमुख सड़कें, जो पिछले कई वर्षों से बदहाली का दंश झेल रही थीं, अब उनके दिन बहुरने वाले हैं। लोक निर्माण विभाग ने ग्रामीणों की मांग और समस्या की गंभीरता को देखते हुए सड़क निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। सरौली गांव से टांडाकला, मारूफपुर बाजार, अस्पताल और विद्यालयों को जोड़ने वाली ये सड़कें पूरी तरह उखड़ चुकी थीं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे और नुकीली गिट्टियां बाहर निकल आई थीं। इस जर्जर मार्ग के कारण आए दिन राहगीर और स्कूली बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे थे। ग्रामीणों को बाजार और अस्पताल जाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ रही थी। क्षेत्रीय जनता ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रदर्शन किया था। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई संजय यादव ने कहा कि ग्रामीणों की लगातार मांग और जर्जर सड़क की समस्या को देखते हुए शासन से स्वीकृति मिलने के बाद कार्य शुरू करा दिया गया है। उखड़ी हुई सड़कों पर गिट्टी भरने और उन्हें समतल करने का काम जारी है। गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा ताकि लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो।