चौराहे पर सोमवार की शाम आम जनजीवन के लिए मुसीबत भरी साबित हुई। शादी-विवाह के भारी लगन और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक यह इलाका भीषण जाम की गिरफ्त में रहा। स्थिति यह थी कि पड़ाव चौराहे से वाराणसी के राजघाट पुल और पीडीडीयू नगर जाने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सोमवार को शादी का बड़ा मुहूर्त होने के कारण सड़कों पर निजी वाहनों और बसों की संख्या आम दिनों के मुकाबले कई गुना अधिक थी। शाम ढलते ही जैसे ही बारातों की रवानगी शुरू हुई, पड़ाव चौराहा ''बॉटलनेक'' बन गया। जाम में फंसे बारातियों और दूल्हे की गाड़ियों को सबसे ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी। कई बाराती समय पर गंतव्य तक पहुंचने के लिए गाड़ी छोड़कर पैदल ही आगे बढ़ते नजर आए।