डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन पीडीडीयू नगर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल मौजूद रहे। मुख्य अतिथि रविन्द्र जायसवाल ने अध्यक्ष रविशेखर पटेल एडवोकेट एवं कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व विधान परिषद सदस्य केदार नाथ सिंह ने महामंत्री सन्तोष कुमार राय सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराया।समारोह के दौरान अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर की विभिन्न समस्याओं और स्थायी निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सख्त रुख अपनाते हुए सब रजिस्ट्रार मुगलसराय एवं तहसील प्रशासन को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर तहसील परिसर में चार वाटर कूलर और तीन हैंडपंप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उप निबंधक कार्यालय के सामने टिन शेड लगाने का भी आदेश दिया।