नगर के शाहकुटी में चिल्ड्रेन पार्क निर्माण का कार्य सोमवार को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से शुरू करवाया गया। पार्क के लिए चिह्नित भूमि पर चूने से निशान लगाकर पिलर के लिए गड्ढे भी खोदे गये। मौके पर विवाद की स्थिति को देखते हुए वहां राजस्व अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही। इस दौरान कार्य रुकवाने के लिए आस पास के लोगों ने विरोध किया लेकिन किसी की एक न चली। नगर के शाहकुटी में मई 2025 में वीडीए की ओर से चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण के बाबत निरीक्षण किया गया था। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से वहां पार्क का निर्माण कार्य कराया जाना था। बाद में यह कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को ट्रांसफर कर दिया गया। सोमवार को पीडीडीयू नगर तहसील के तहसीलदार राहुल सिंह और नायब तहसीलदार अमित के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कार्य शुरू कराया। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन और जेई की मौजूदगी में ठेकेदार ने चिह्नित जमीन पर गड्ढे खोदने का कार्य शुरू किया। हालांकि इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने कार्य का विरोध किया लेकिन पुलिस बल के आगे किसी की नहीं चली। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से पार्क पर निर्माण के दौरान बाउंड्रीवाल का निर्माण, घास, पौधे लगाये जाने के साथ ही एक शौचालय को निर्माण होगा। वहीं बच्चों के खेलने के लिए झूले भी लगाये जाएंगे। इसके साथ ही पाथवे बनाकर इंटरलॉकिंग भी बिछायी जाएगी।