फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक सप्ताह की उमसभरी गर्मी के बाद बरसे बादल, मिली राहत, VIDEO

अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 10 Jul 2025 08:16 PM IST

एक सप्ताह से अधिक समय तक उमस भरी गर्मी झेलने के बाद, आखिरकार बादल बरसे और जिले में लोगों को गर्मी से राहत मिली। जिले में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। जिले के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई। जिले का अधिकतम तापमान बुधवार के 34 से दो डिग्री कम होकर 32 और न्यूनतम तापमान 28 से गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से दिन के 12 बजे तक धूप खिली रही। इसके बाद पुरवा हवा चलने लगी और बादल छा गए। करीब 12.30 दिन में जिले के कई स्थानों पर बारिश शुरू हो गई। एक सप्ताह पूर्व बारिश होने के बाद इंद्र देव मानों रूठ से गए थे। आसमान पर छा रहे बादल उमड़-घुमड़कर बिना बरसे निकल जा रहे थे। वहीं पश्चिमी यूपी व बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में हो रही बारिश के कारण जनपद में उमस का स्तर काफी बढ़ जाने से लोग हलकान थे। बृहस्पतिवार को सुबह के बाद से बादल छाए रहे और जिले के अधिकांश स्थानों पर रिमझिम बरसात होती रही। इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। हालांकि बारिश के रुकने के बाद उमस बढ़ जा रही थी। बारिश होने से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। जिले की अधिकांश नहरें सूखी होने से किसान धान की रोपाई को लेकर चिंतित थे। बारिश होने के बाद किसानों के कदम खेतों की ओर लौटने लगे हैं। उनका कहना है कि यदि बारिश लगातार होती रही तो उनकी खेती संभल जाएगी। राज्य कृषि व मौसम विभाग के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश हो रही है। शीघ्र ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें