सावन का पवित्र महीना भगवान शिव की आराधना के साथ ही फूल और पूजन सामग्री विक्रेताओं के लिए भी उम्मीदों की बहार लेकर आया है। बाराबंकी स्थित श्री लोधेश्वर महादेव व अवसानेश्वर महादेव मंदिरों में पूरे महीने श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। हर सोमवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसरों के बाहर बेलपत्र, धतूरा, भांग, कमल, मदार, तुलसी, फूल-मालाओं और प्रसाद की दर्जनों दुकानें सज गई हैं। महादेवा मंदिर परिसर में दुकानदार शिवा, योगेश, श्रवण, पिंटू जैसे कई व्यापारी बताते हैं कि वे साल भर सावन का इंतजार करते हैं। यह महीना उनके लिए कमाई का सबसे बड़ा अवसर होता है। सुबह भोर से रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है, जिससे रोज़ाना अच्छी बिक्री हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि सावन के इस पूरे माह में उन्हें अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है, जिससे वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को अच्छे से पूरा कर सकेंगे। प्रशासन ने भी मंदिरों में सुरक्षा और सुविधाओं की पूरी व्यवस्था कर दी है ताकि श्रद्धालु और दुकानदार दोनों को कोई परेशानी न हो।