भारत-नेपाल सीमा पर मंगलवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब नेपाल के उपद्रवियों ने भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद एसएसबी और पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए उन्हें खदेड़ दिया। भारतीय मीडिया कवरेज के लिए मंगलवार शाम को सीमा क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान जब मीडिया कर्मी नोमेंसलैंड के पास वीडियो और फोटोग्राफी कर रहे थे तो नेपाल के जमुनहा पुलिस चौकी क्षेत्र में उत्पात मचा रहे उपद्रवियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उसी बीच लाठी डंडो से लैस कुछ उपद्रवी भारतीय सीमा की ओर बढ़ आए। हालांकि सतर्क एसएसबी और पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया और उपद्रवियों को खदेड़कर सीमा से दूर किया। एसएसबी कमांडेंट गंगा सिंह रावत ने बताया कि सीमा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए गश्त और निगरानी लगातार बढ़ा दी गई है। सीमा पर किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।