यूपी के अमेठी में मंगलवार रात बरात देखने के दौरान एक मकान का जर्जर छज्जा रेलिंग सहित भरभराकर गिर गया। हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर महिलाएं और किशोरियां हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मुंशीगंज क्षेत्र के सीतारामपुर मजरे बाहापुर की है। गांव निवासी पूजा श्रीवास्तव की शादी थी। बरात अयोध्या जिले के मिल्कीपुर, कुमारगंज से आई थी। रात लगभग 11:30 बजे द्वारपूजा की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान आसपास की महिलाएं और बच्चे बरात देखने के लिए छत के छज्जे पर खड़े थे। भीड़ अधिक होने से जर्जर छज्जा रेलिंग समेत टूट गया। हादसे में सुल्तानपुर के चंदौर गांव निवासी अनिल श्रीवास्तव की पांच वर्षीय बेटी अनुष्का की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सीतारामपुर गांव की निवासी प्रिया (16), मधु (17), खुशबू (19), अंजू (19), लक्ष्मी (19), सुशीला (60) और बाबुल और उनकी पत्नी के साथ भोए जामो के रहने वाले प्रह्लाद प्रसाद श्रीवास्तव (58), रायबरेली के खेरवा निवासी ऊषा (40), मुसाफिरखाना के गाजनपुर दुवरिया की रहने वाली रीता (36), बाराबंकी के असंद्रा के पूरे इंद्रिरा निवासी और मानसी (17), नेवादा मुसाफिरखाना की रहने वाली जग्गू (65) व सुखराजी (60) व मुसाफिरखाना के कादीपुर की रहने वाली मनीसा (19) व निशा (22) और कल्लू (25) के साथ जगदीशपुर नसीराबाद की रहने वाली कुसुम (45) घायल हो गए।