अमेठी जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर रविवार को आयोजित नीट यूजी परीक्षा 2025 संपन्न हो गई। हालांकि कुल 738 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 18 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं परीक्षा शुरू होने से पूर्व ही एक पर्यवेक्षक ने अनियमितता के आरोप लगाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री सहित उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए अमेठी के आरआरपीजी कॉलेज और श्री रणवीर इंटर कॉलेज बेनीपुर को केंद्र बनाया गया। परीक्षा नोडल अधिकारी एवं केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य कपिल देव मिश्रा ने बताया कि आरआरपीजी कॉलेज में 12 और रणवीर इंटर कॉलेज में छह परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई गई। एनटीए की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक धर्मेंद्र कुमार ओझा ने आरोप लगाया है कि उन्हें परीक्षा से पहले ही हटाकर सिटी कोऑर्डिनेटर ने स्वेच्छा से दूसरा पर्यवेक्षक तैनात कर दिया। उन्होंने आशंका जताई कि सिटी कोऑर्डिनेटर और नए पर्यवेक्षक की मिलीभगत से परीक्षा में गड़बड़ी कराए जाने की साजिश हो सकती है। उन्होंने ने इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री, जिलाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर शिकायत की है। वहीं सिटी कोआर्डिनेटर कपिल देव मिश्रा ने बताया कि वह अपने जवाब से डीएम को अवगत करा देंगे।