फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में बकरी को बचाने कुएं में उतरे सगे भाई, एक की मौत... दूसरे की हालत नाजुक

भूपेन्द्र सिंह Updated Thu, 31 Jul 2025 08:54 PM IST

अमेठी में कमरौली के सिंदुरवा मजरे पूरे छिटई गांव में बृहस्पतिवार दोपहर बकरी को बचाने कुएं में उतरा युवक जहरीली गैस की जद में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने बड़ा भाई कुएं में उतरा। वह भी जहरीली गैस के चलते बेसुध हो गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने दोनों को कुएं से निकालकर ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां बड़े भाई को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई का उपचार चल रहा है। गांव निवासी मोहम्मद आमिर (26) की बकरी दोपहर करीब 12 बजे घर के पास पुराने कुएं में गिर गई थी। आमिर का छोटा भाई फरहान (16) रस्सी के सहारे कुएं में उतरा। उसने रस्सी के सहारे बकरी को कुएं से बाहर निकाल दिया, लेकिन खुद जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसकी हालत देख आमिर बिना रस्सी का सहारा लिए कुएं में उतरने लगा, लेकिन पैर फिसलने के कारण वह आधी ऊंचाई से कुएं में गिर गया। कुछ ही देर में वह भी अचेत हो गया। कुएं के पास मौजूद ग्रामीण यह सब देख घबरा गए और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन अधिकारी ओपी सिंह अपनी टीम के साथ कुछ ही देर में गांव पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को कुएं से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस से दोनों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर लाया गया, जहां डॉक्टर ने मोहम्मद आमिर को मृत घोषित कर दिया। फरहान का इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि कुएं में जहरीली गैस की वजह से आमिर की मौत होने की बात सामने आई है। घटना की बिंदुवार जांच की जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें