अकबरपुर के शुभेच्छा रतनपुर में बने चर्च में इलाज के नाम पर दलित समाज के महिला और पुरुषों को प्रार्थना कराने का मामला सामने आया है। इलाज के नाम पर यहां बुलाया जाता और ईसाई धर्म की प्रार्थना करवाई जाती थी। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संत संपर्क प्रमुख अरविंद पांडेय ने बताया कि रविवार को रतनपुर में बने अवैध चर्च में 200 से अधिक महिलाएं और पुरूषों को इलाज के लिए बुलाकर उनसे प्रभु यीशु की प्रार्थना करवाई जा रही थी। इन्होंने धर्मांतरण का खेल होने की भी आशंका जताई है। अरविंद के अनुसार यहां का पादरी सनातन देवी देवताओं पर कोई आस्था न रखने के लिए लोगों को गुमराह कर रहा था। इसी सूचना उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी। कुछ ही देर में वहां पुलिस हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। कमरे में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे प्रभु यीशू की प्रार्थना में लीन मिले। मौके से पादरी को हिरासत में लिया गया है। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय का कहना है कि धर्मांतरण का मामला अभी सामने नहीं आया है। प्रार्थना सभा कराने और बरगलाने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।