पासपोर्ट से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अब आवेदकों को लंबा इंतजार या पूर्व समय लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने विशेष व्यवस्था लागू करते हुए सीधे सुनवाई का रास्ता खोल दिया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ ने नागरिक सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष शिकायत निवारण व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत आवेदक बिना पूर्व अपॉइंटमेंट सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रख सकेंगे। यह सुविधा निर्धारित तिथियों पर आयोजित जन शिकायत निवारण मेलों और विशेष सुनवाई दिवसों में उपलब्ध रहेगी। प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य लंबित, आपत्तिग्रस्त और दस्तावेज त्रुटि वाले मामलों का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अपने आवेदन से जुड़े सभी आवश्यक अभिलेख साथ लेकर पहुंचें, ताकि जांच और निस्तारण तुरंत किया जा सके। कार्यालय के अनुसार इस तरह की खुली सुनवाई व्यवस्था से प्रक्रिया पारदर्शी होगी और आवेदकों को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आगे भी नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।