वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जाल्हूपुर में बृहस्पतिवार को अचानक विद्युत तारों में शॉर्ट सर्किट के चलते निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसके चलते किसानों की 10 बीघा गेहूं व पांच बिस्वा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने बताया कि दोपहर में एक निजी नलकूप के लिए लगे ट्रांसफार्मर के पास अचानक शॉर्ट सर्किट हुई, जिसमें से निकली चिंगारी से गेंहू की खड़ी फसल में आग लग गई। आग की धधकती लपटें और धुंआ देखकर आसपास के ग्रामीणों ने बाल्टी, डब्बा और अन्य बर्तनों में पानी लेकर के बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड और पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर फायर ब्रिगेड व 112 पुलिस भी पहुंची। उससे पहले ही ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया था।