मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में रविवार को ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज की ओर से मेधावी छात्रों के सम्मान एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजनों, व्यापारियों और युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा थे, जबकि मुख्य अतिथि एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने अपने विचार रखते हुए समाज के राजनीतिक और सामाजिक सशक्तीकरण पर जोर दिया। MLC हंसराज विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे लोहार समाज के लिए आयोग का गठन हुआ है, उसी तरह अब समय आ गया है कि स्वर्णकार समाज के लिए भी एक अलग आयोग का गठन हो। उन्होंने कहा कि सोनार समाज हमारे परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सुरक्षा तथा सामाजिक उन्नति के लिए आयोग बनना अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भगवान विश्वकर्मा के पांच पुत्रों में से एक सोनार भी हैं, इसलिए यह समाज आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं से भी आह्वान किया कि वे आगे आकर समाज को मजबूती प्रदान करें। गोष्ठी के दौरान समाज के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में 91% अंक प्राप्त करने वाली कामना वर्मा को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके पिता दिनेश वर्मा पांडेयपुर क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं, सीबीएसई भगवानपुर की छात्रा विदुषी वर्मा को इंटरमीडिएट परीक्षा में 87.6% अंक लाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान मिला।