कैंट रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को आरपीएफ की महिला कांस्टेबल ने मां और बेटी की जान बचाई। बेटी को सही सलामत देख बुजुर्ग पिता की आंखें भर आईं। कैंट इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि लोहटिया निवासी ओमप्रकाश, उनकी पत्नी राजकुमारी और बेटी बॉबी चंदौली में शादी में शामिल होने के लिए कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म आठ से चलती कोटा पटना एक्सप्रेस में चढ़ रहे थे। उनकी पत्नी प्लेटफॉर्म व ट्रेन के पायदान के बीच फंस गईं। उन्हें बचाने के दौरान बेटी भी किनारे आ गई। यह देख महिला कांस्टेबल बबीता शर्मा ने बिना किसी देरी के बुजुर्ग महिला को खींच लिया। साथ ही बेटी को प्लेटफॉर्म के किनारे से बाहर किया। वहीं, बेटी और पत्नी को सही सलामत देखकर राजकुमार की आंखों से आंसू निकल पड़े। उन्होंने महिला कांस्टेबल का धन्यवाद किया।