बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2025 का आज आयोजन किया गया। परीक्षा दो पालियों में हो रही है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक सम्पन्न हुई और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू हुई है जो शाम 5 बजे तक निर्धारित है। जिले में 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गनपत सहाय पीजी कॉलेज के दो ब्लॉक, केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। महात्मा गांधी स्मारक इंटर कॉलेज और रामकली बालिका इंटर कॉलेज भी परीक्षा केंद्र हैं। राणा प्रताप पीजी कॉलेज के दो ब्लॉक, केएनआई पीएसएस मेन कैंपस, केएनआई पीएसएस लॉ फैकल्टी फरीदीपुर और महाराणा प्रताप कॉलेज उतुरी में भी परीक्षाएं हो रही हैं। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और नगर प्रभारी को नियुक्त किया है। विश्वविद्यालय से प्रो. सत्यवीर सिंह और प्रो. एपीएस गौड को प्रतिनिधि बनाया गया है। प्रशासन ने हर केंद्र पर एक केंद्र प्रतिनिधि और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। जनपद समन्वयक की ओर से दो-दो पर्यवेक्षक भी मौजूद हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुरुष और महिला कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए हैं। कुल 5399 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।