सुल्तानपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और छात्र आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिलाध्यक्ष राजकुमार भीम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। साथ ही नीट पेपर लीक से प्रभावित परिवारों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और शिक्षा माफिया पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में छात्रों पर दंडात्मक कार्रवाई रोकने, जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई स्थगित करने, पुलिस कार्रवाई की स्वतंत्र जांच कराने तथा सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शी और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग भी की गई। राज कुमार भीम ने कहा कि शिक्षा, रोजगार और न्याय युवाओं का संवैधानिक अधिकार है तथा सरकार को इन मांगों पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।