रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के जैत गांव स्थित आंबेडकर पार्क में सोमवार को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसान मोर्चा के महामंत्री नार सिंह पटेल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक श्रमदान कर आंबेडकर प्रतिमा और पूरे परिसर की सफाई की। इसके बाद सभी ने पुष्प अर्पित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने संविधान के जरिए ऐसे भारत की नींव रखी, जहां हर व्यक्ति को बराबरी का अधिकार मिले। पूर्व जिला मंत्री सुरेश शुक्ला ने कहा कि उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है। किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यादवेंद्र दत्त द्विवेदी ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं महामंत्री नारसिंह पटेल ने कहा कि बाबा साहब केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। जिला कार्य समिति सदस्य अनूप तिवारी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का माध्यम हैं। इस मौके पर जिला मंत्री अभय दुबे, जिला मंत्री सुनील सिंह, जैत के पूर्व प्रधान गुलाब आदि उपस्थित रहे।