होली पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया। लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों के खातों में लगभग 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी हस्तांतरित करने की घोषणा की। सोनभद्र में उज्ज्वला योजना के 2.56 लाख लाभार्थी लाभान्वित होंगे। कलेक्ट्रेट परिसर में लाभार्थी परिवारों ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा। लाभार्थियों को सांकेतिक चेक भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि शासन की मंशा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की, जिससे उनके स्वास्थ्य की रक्षा हो और घरेलू बजट पर पड़ने वाला अतिरिक्त बोझ कम हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। डीएम बद्रीनाथ सिंह ने उपस्थित लाभार्थियों व जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं महिला सशक्तीकरण को मजबूती दे रही हैं। इस मौके पर सीडीओ जागृति अवस्थी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेणुकूट ममता सिंह, पिपरी के दिग्विजय सिंह, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, डीएसओ ध्रुव गुप्ता, एआरओ पृथ्वी सिंह आदि मौजूद रहे।