आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बढ़ौली चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार पर शराब बिक्री को बढ़ावा देने के लिए एक शराब बोतल पर दूसरी मुफ्त योजना शुरू करने का आरोप लगाते हुए विरोज जताया। राज्यपाल को चार सूत्री ज्ञापन प्रेषित किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने किया। महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील वर्मा ने कहा कि शराब की एक बोतल के साथ दूसरी और तीसरी बोतल मुफ्त देने की योजना समाज को नैतिक रूप से कमजोर कर रही है। यह योजना न केवल नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने का काम कर रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि यह योजना शराब को प्रोत्साहित करने का संदेश देती है, जिससे समाज में असमानताएं बढ़ेंगी और कानून व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विवेक पांडेय ने कहा कि शराब पर दिए जा रहे बंपर ऑफर के कारण शराब दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे कानून व्यवस्था के बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन में युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश चौरसिया, महिला इकाई की जिलाध्यक्ष अंजनी कुशवाहा, विमलेश सिंह पटेल, राजकुमार मौर्य, बृजेश कुमार कनौजिया, केवल सिंह कुशवाहा, राजेंद्र प्रसाद, श्रीकांत त्रिपाठी, प्रेमनाथ कनौजिया आदि मौजूद रहे।