यूपी के श्रावस्ती में बृहस्पतिवार की देर रात इकौना थाना क्षेत्र में पुलिस और चोरों की मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक चोर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसे पकड़ लिया गया। हालांकि उसका एक साथी भाग निकला। पकड़े गए चोर के पास चोरी किए हुए आभूषण बरामद हुए हैं। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि मुठभेड़ गिलौला-इकौना के बॉर्डर पर हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बहराइच जिले के कोतवाली देहात के आगापुरवा निवासी सलमान के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे जिला चिकित्सालय, भिनगा में भर्ती कराया गया। सलमान के साथ मौजूद बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र के कन्दौसा मैसर मौके से भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। पकड़े गए सलमान के पास से एक तमंचा, एक कारतूस,13000 नकदी और पांच जोड़ी पायल, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की बडी नथ, एक जोड़ी चांदी के हाथ फूल, एक जोड़ी सोने की बाली आदि बागमद हुआ है।