शामली जनपद के कांधला क्षेत्र के गांव रामपुर खेड़ी में तीन दिन से लापता 15 वर्षीय किशोरी गुड़िया का शव बृहस्पतिवार रात पूर्वी यमुना नहर से बरामद हुआ। शव का कुछ हिस्सा जला हुआ था, जिससे उसकी हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की आशंका गहरा गई है। पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह किशोरी अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कांधला में दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार देर रात भारसी गेट के पास नहर में झाड़ियों में एक शव फंसा होने की सूचना मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों ने उसकी पहचान गुड़िया के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी संतोष कुमार सिंह और सीओ कैराना श्याम सिंह फोर्स व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन आंशिक रूप से जला हुआ हिस्सा होने से हत्या की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।