शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में अनियमितता के विरोध में सोमवार को युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। युवा नेताओं ने नारेबाजी कर गंभीर आरोप लगाए। इस बीच प्रभारी प्राचार्य डॉ.एमपी गंगवार ने पहुंचकर ज्ञापन लिया और समाधान का आश्वासन देकर शांत कराया। दोपहर करीब 12 बजे युवा जिलाध्यक्ष रामजी अवस्थी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने मरीजों के उपचार में लापरवाही, भ्रष्टाचार और सुविधाओं के अभाव का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। प्रशासनिक भवन के गेट पर तपती धूप में धरना देकर प्रदर्शन किया। सभा में वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। डॉक्टरों के अभाव में मरीजों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। प्रभारी प्राचार्य डॉ. एमपी गंगवार और सीएमएस डॉ.नेपाल सिंह ने पहुंचकर आठ सूत्री मांग पत्र लिया। इसमें अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं को दूर करने, डॉक्टरों द्वारा निजी अस्पतालों में सेवाएं देने, सरकारी बजट का दुरुपयोग, आउटसोर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति में धांधली व शोषण, दवा स्टोर पर भ्रष्टाचार, और टीकाकरण में देरी जैसी गंभीर आरोप लगाते हुए समाधान की मांग की। महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खां, जिला उपाध्यक्ष सोभित मिश्रा, तनवीर सफदर, रफी उल हसन, डॉ.जाने आलम, अनस इकबाल, नितिन तिवारी, सईद अंसारी, गौरव त्रिपाठी, फरमान खान, फिरोज अली, अनुराग मिश्रा, फैजान अली शाह आदि मौजूद रहे।