शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र के गांव गदाई सांडा पकड़िया हकीम निवासी मनमोहन सिंह ने पुलिस पर घर में घुसकर अभद्रता करने का आरोप लगाया। मंगलवार को कलक्ट्रेट में डीएम को शिकायती पत्र देने पहुंचे मनमोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने 14 जुलाई को उनके घर में घुसकर परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। नाबालिग बच्चों से अभद्रता करते हुए मोबाइल से फोटो खींचे। साथ ही उनकी कृषि भूमि के सारे कागजात, आधार कार्ड और फोटो मांगे गए। पुलिसकर्मियों से कारण पूछने के बाद भी कुछ नहीं बताया गया। इससे उनके परिजन काफी भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा मानवीय अधिकारों का हनन कर उनको व परिजन को बेइज्जत किया गया है। इसके विरोध में 22 जुलाई को खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर अनिश्चित कालीन आमरण अनशन शुरू करेंगे। इसके बाद भी समस्या का समाधान न होने पर सरकार का पुतला दहन किया जाएगा। इस बीच में कोई घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी थाना बंडा पुलिस की होगी।