शाहजहांपुर में शीतकालीन अवकाश के बाद सोमवार को जिले के आठवीं तक के सभी विद्यालय खुल गए। छात्र-छात्राओं के स्कूल पहुंचने पर उनका तिलक लगाकर स्वागत किया गया, लेकिन छात्र-छात्राएं की संख्या काफी कम रही। मध्याह्न भोजन के बाद तमाम बच्चे अपने घर भी चले गए। ऐसे में पहले दिन विद्यालयों में पढ़ाई नहीं हो सकी। जिले के विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को सर्दी से राहत प्रदान करने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अवकाश घोषित कर रखा था। 19 जनवरी को रविवार का अवकाश होने से विद्यालय बंद रहे। सोमवार को विद्यालय सुबह दस बजे खोले गए तो गिनती के छात्र-छात्राएं ही विद्यालय पहुंचे। ब्लॉक भावलखेड़ा के कंपोजिट विद्यालय अटसलिया में शिक्षिकाओं ने छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर व फूल देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद कक्षाएं संचालित हुई। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रोटी गोदाम में सिर्फ 40 बच्चे उपस्थित रहे। इनमें भी कई मध्याह्न भोजन के बाद अपने घर चले गए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक इमरान सईद के अनुसार विद्यालय में 333 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। एक-दो दिनों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ जाएगी।