शाहजहांपुर के मदनापुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गहबरा गांव निवासी 22 वर्षीय छात्र अरविंद कुमार की पीटकर हत्या के मामले में सोमवार शाम परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर जाम लगा दिया। परिजन ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। दृगपाल का बेटा अरविंद बीएलएड (बैचलर्स इन एलीमेंट्री एजुकेशन) की पढ़ाई कर रहा था। रविवार की शाम करीब सात बजे अरविंद कुमार का मोबाइल को लेकर गांव के व्यक्ति के पुत्र से विवाद हो गया था। अरविंद ने बालक के थप्पड़ जड़ दिया था। बालक के पिता ने गुस्से में आकर अरविंद को सड़क पर गिराकर लात घूंसों से पीट दिया। उससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में गैर इरादत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। नाराज परिजन ने पोस्टमॉर्टम के बाद सोमवार की शाम को शव थाने के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।