शाहजहांपुर में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) पर निकलने वाले जुलूस के लिए शहर सज-धजकर तैयार हो गया है। मस्जिदों व मकानों पर बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से रोशन करने के साथ ही हरे रंग के झंडे भी लगाए गए हैं। शुक्रवार को जुलूस-ए-मिलाद निकाला जाएगा। इसे देखते हुए तैयारियों को पूरा कर लिया। पुलिस ने रूट डाइवर्जन भी कर दिया है। पैगंबर-ए-इस्लाम की यौमे पैदाइश पर शहर को हरे रंग की झालरों से सजाया गया है। लाल इमली चौराहा, जलालनगर बजरिया, मोहल्ला अंटा, चमकनी करबला, एमनजई जलालनगर समेत तमाम मुस्लिम बहुल इलाकों को सजा दिया है। मुस्लिमों ने अपने घरों पर हरे रंग का झंडा लगाने के साथ ही सजावट भी की है। शाम को पूरा परिसर रंग-बिरंगी झालरों से जगमगा उठा हो। शुक्रवार को जुलूस-ए-मिलाद निकाला जाएगा। रेलवे स्टेशन स्थित नूरी मस्जिद से शहर पेश इमाम मौलाना हुजूर अहमद मंजरी जुलूस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जलालनगर बजरिया से होते हुए पुवायां रोड, अशफाक नगर चौकी से रोडवेज बस अड्डा, टाउन हॉल, लाल इमली चौराहा, झंडाकलां होते हुए घंटाघर से मोहल्ला अंटा में कटहल वाली मस्जिद के पास जुलूस का समापन सामूहिक दुआ से होगा। जुलूस को लेकर आयोजकों ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।