शाहजहांपुर में ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार को हनुमान मंदिरों में हनुमान चालीसा और भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया। लोगों ने चौक चौराहों पर प्याऊ लगाकर शरबत वितरण किया। कई श्रद्धालुओं ने हलवा, सब्जी- पूड़ी, छोले-चावल आदि का वितरण किया। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन कर हनुमान जी का गुणगान किया। पूरे ज्येष्ठ माह में लोग दान-पुण्य करते हैं। खासतौर पर मंगलवार को पूरे जिले में जगह-जगह भंडारे और शरबत वितरण का आयोजन किया जाता है। ज्येष्ठ माह के अंतिम मंगलवार को सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिरों में पहुंचना शुरू हो गई थी। लोग प्रसाद चढ़ाने के लिए कतारबद्ध होकर खड़े थे। वहीं, शहर के अधिकतर चौराहों पर श्रद्धालु शरबत बांटते नजर आए। इसके अलावा पूर्वाह्न करीब 11 बजे से शुरू हुआ भंडारे का सिलसिला शाम तक चलता रहा। शहर में रुद्र बाला जी धाम, खिरनीबाग चौराहा, चौक, कच्चा कटरा आदि स्थानों पर लोगों ने पूड़ी-सब्जी का भोग लगाया।