शाहजहांपुर में ऑनलाइन कार्य में आ रहीं दिक्कतों को दूर करने की मांग कर रहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं बृहस्पतिवार को खिरनीबाग स्थित जीआईसी खेल मैदान पर धरने पर बैठ गईं। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की ओर से ऑनलाइन काम बंद कराने या फिर 5-जी फोन उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस दौरान जुलूस निकालकर विरोध किया गया। धरनास्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष विनीता कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महंगाई और परिश्रम के अनुरूप मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। ऑनलाइन कार्य थोपे जा रहे हैं, जिससे दिक्कत आ रही है। ऑनलाइन कार्य के लिए 4-जी मोबाइल दिए गए हैं, जो सही से कार्य नहीं करते हैं। आंगनबाड़ी वर्करों के लिए भयमुक्त और शोषणमुक्त नीति बनाई जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर माध्यमिक और बेसिक की तरह अवकाश दिया जाएं। धरना देने वालों में नाजिश परवीन, विश्व मोहन भारद्वाज आदि मौजूद रहे।