लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के बाईपास रोड पर डलमऊ ओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार को सीमेंट लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक मामूली रूप से घायल हो गया। प्रतापगढ़ जिले के नैया महाराजगंज निवासी चालक कुलदीप पांडे ने बताया कि वह सीमेंट लेकर कस्बे की ओर आ रहा था। इसी दौरान सर्विस रोड पर सामने से आ रहे एक चौपहिया वाहन को बचाने के प्रयास में उसने ट्रक को सड़क किनारे कर दिया। इससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे तालाब में जा पलटा। हादसे के बाद चालक ट्रक के अंदर फंस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार चालक को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रक को बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है।