रायबरेली के बछरावां कस्बे में स्थित रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाओं का अंबार है। अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। यहां पेयजल की व्यवस्था है और न बैठने का प्रबंध। यात्रियों की शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हालांकि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर चार हैंडपंपों लगाए गए हैं, लेकिन सभी खराब हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर पानी टंकी की टोंटी खराब हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। महिला व पुरुष शौचालयों में गंदगी की वजह लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां 20 ट्रेनों का आवागमन रहता है, जिनसे प्रतिदिन 5000 यात्री स्टेशन पर आते हैं। पीने का पानी लोगों को खरीद कर पीना पड़ रहा है। पंजाब मेल का इंतजार कर रहे वाराणसी के रामसनेही, प्रतापगढ़ के सुंदर गौड़ का कहना है कि प्यास लगी तो पानी की टंकी और नल से पानी भरने के लिए गए तो पता चला कि स्टेशन पर पानी नहीं है। यहां यात्रियों को बैठने की व्यवस्था न होने से लोगों को जमीन में बैठने की मजबूरी बनी हुई है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि पानी टंकी का निर्माण पूरा हो गया है। जल्द ही आपूर्ति शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। एक दो दिन में हैंडपंपों की मरम्मत करा दी जाएगी।