निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे में मिट्टी बराबर कर रहे ग्रेडर चालक ने बुजुर्ग महिला को मिट्टी के ढ़ेर में दबा दिया। बच्चों ने शोर मचाया तो महिला को मिट्टी से बाहर निकाला लेकिन उनकी मौत हो गई। सलोन कोतवाली क्षेत्र के भखरी मजरे उमरन गांव निवासी विद्यावती (70) पत्नी देवतादीन रविवार की दोपहर गांव के पास निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस वे पार कर सूकर चराने जा रही थी। वह मिट्टी के दो ढ़ेरों के बीच में पहुंची ही थी कि ग्रेडर से मिट्टी के ढ़ेर को बराबर कर रहे चालक ने ग्रेडर बढ़ा दिया और वह मिट्टी के ढ़ेर में दब गई। चालक जान नहीं पाया और मिट्टी बराबर करता रहा। इस दौरान वहां खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो चालक ने ग्रेटर रोका। शोर सुनकर गांव वाले भी वहां पहुंचे और मिट्टी खोदकर उन्हें बाहर निकाला लेकिन उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक ग्रेडर छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना के बाद ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणजीत सिंह व कोतवाल शिवशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने ग्रेडर को कब्जे में लिया है। कोतवाल ने बताया कि मिट्टी में दबने से महिला की मौत हुई है। चालक की तलाश की जा रही है।