खरौली ऊंचाहार मार्ग जिले को फतेहपुर जिले से जोड़ता है। इस मार्ग से जिले के साथ ही सुल्तानपुर व अमेठी के लोग कौशाम्बी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट होकर मध्य प्रदेश तक जाते हैं। वहीं फतेहपुर जिले के खागा व अल्लीपुर व नोबस्ता से पड़े पैमाने पर सब्जी, अनाज व दूध का कारोबार होता। कंदरावां, खरौली, गंगौली, ऊंचाहार देहात, सरांय भान ग्राम पंचायतों के लोग मुख्यालय पर समस्या समाधान के लिए आते हैं। लेकिन यह मार्ग लगभग 3 वर्षों से खस्ताहाल है। जगह गड्ढे हो गये हैं। सड़क का डामर गायब हो गया है। यही वजह है कि आए दिन ई रिक्शा पलट जाते हैं और सवारियां चोटिल हो जाती हैं। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार सड़क बनवाने के लिए जिले के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई लेकिन कुछ नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी है। वहीं, इस बाबत पीडब्ल्यूडी की अवर अभियंता किरन ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण होना है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।