पीलीभीत में अमर उजाला की ओर से केंद्रीय विद्यालय में आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव पर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सीओ आकृति पटेल ने कहा कि अगर किसी के साथ कोई व्यक्ति गलत हरकत करता है या परेशान करता है तो चुप न रहें। पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साइबर एक्सपर्ट अंकुर ने डिजिटल कनेक्टिविटी के माध्यम से होने वाले अपराधों, सोशल मीडिया और फाइनेंशियल फ्रॉड से बचाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने साइबर अपराध की सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी। साथ ही जिला स्तरीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 7830182626 के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय जागरूकता है। डेबिट-क्रेडिट कार्ड, यूपीआई पिन से जुड़ी ठगी, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और शादी या अन्य बहानों से भेजी जाने वाली एपीके फाइलों से सावधान रहने की अपील की। इंस्पेक्टर अली हसन ने फाइनेंशियल और बच्चों के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फोटो-वीडियो एडिटिंग और डीपफेक जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। इसके साथ ही यातायात नियमों के पालन, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपलिंग से बचने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रवक्ता एसपी सिंह, शलभ अग्रवाल, कमलाकांत आदि मौजूद रहे। मिशन शक्ति टीम से इंचार्ज गजेंद्र सिंह, महिला आरक्षी समीर शर्मा आदि मौजूद रहे।