पीलीभीत में बारिश के बाद जहानाबाद कस्बा और आसपास गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई है। रविवार रात से ठप बिजली आपूर्ति 16 घंटे बाद बहाल हो सकी। डेढ़ से दो घंटे बाद शाम सात बजे बिजली फिर गुल हो गई। भीषण गर्मी के कारण शहर से लेकर गांव तक हाहाकार मचा रहा। उपभोक्ताओं की नींद उड़ गई। रात के समय बिजली न होने से उपभोक्ता देर तक सड़कों पर टहलते नजर आए। सबसे अधिक समस्या जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों को हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जेनरेटर चलाया नहीं गया। सोमवार रात 9:30 बजे प्रसव कक्ष के बाहर मरीज और तीमारदार मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर जमीन पर बैठे नजर आए। गर्मी से परेशान मरीज को हाथ पंखे से हवा दी जा रही थी। सिर्फ इन्वर्टर के सहारे एक दो स्थानों पर बल्ब जलता नजर आया। पंखा किसी भी वार्ड या बरामदे में नहीं चल रहा था। मरीजों ने बताया कि मजबूरी में मोबाइल फोन की टॉर्च जला रहे हैं।