पीलीभीत में जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में जिला कृषि अधिकारी से मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विकास भवन के कर्मचारी विरोध में उतरे हैं। शुक्रवार को कर्मचारियों ने कमलबंद हड़ताल कर दी। आक्रोशित कर्मचारियों ने विकास भवन के गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने मामले में आरोपी नितिन पाठक और अनमोल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत की बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया था। जिले में खाद की कमी को लेकर जिला पंचायत सदस्यों ने अपनी बात रखी। जिला कृषि अधिकारी उनके सवालों का जवाब दे रहे थे तभी जिला पंचायत सदस्य से नोंकझोंक होने लगी। इसी दौरान सदन में मौजूद युवक ने जिला कृषि अधिकारी को थप्पड़ जड़ दिया था।