पीलीभीत जिले में कई दिनों से न्यूरिया थाना क्षेत्र में घूम रहे बाघ ने बृहस्पतिवार सुबह दो घंटे के अंतराल में पांच किलोमीटर दायरे में दो महिलाओं और एक किशोर पर हमला किया। इसमें खेत में घास काट रही गांव मंडरिया निवासी कृष्णा देवी (50) को बाघ करीब 20 मीटर दूर गन्ने के खेत में खींच ले गया और मार डाला। घायल किशोर और एक अन्य महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाघ के हमले की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक हंगामा किया। महिला का शव नहीं उठने दिया। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। 24 घंटे में बाघ पकड़वाने के आश्वासन पर ग्रामीण माने। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।