मेरठ शहर के ऐतिहासिक नौचंदी मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। 28 मई से मेला विधिवत शुरू होने जा रहा है और व्यापारियों से लेकर झूला ठेकेदारों तक सभी जोर-शोर से जुटे हैं। हाल ही में आई तेज़ आंधी में कुछ झूले गिर गए थे, जिससे तैयारियों को झटका लगा था। लेकिन अब मेला आयोजकों ने स्थिति संभाल ली है। झूला ठेकेदार सन्नी गुप्ता ने बताया कि जिन झूलों को आंधी ने क्षतिग्रस्त किया था, उन्हें पूरी तरह से हटा दिया गया है और उनकी जगह नए और सुरक्षित झूले लगाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तीन दिन के भीतर सभी झूले लगकर तैयार हो जाएंगे और मेला पूरी तरह सुचारु रूप से 28 मई से शुरू कर दिया जाएगा। दुकानों की सजावट शुरू हो चुकी है और मैदान में रौनक लौटने लगी है। स्थानीय व्यापारियों और शहरवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है, लोगों की भीड़ भी मैदान का रुख करने लगी है, जिससे अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि इस बार भी मेले में खूब चहल-पहल देखने को मिलेगी।