मेरठ के सकौती टांडा में 29 मार्च को महाराजा सूरजमल की उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह जानकारी अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया और राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ‘दाँतल’ ने कंकरखेड़ा स्थित महाराजा हाऊस ऑफ टेस्ट में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। रामावतार पलसानिया ने बताया कि यह आयोजन जाट समाज के नव-निर्माण और सामाजिक एकता की दिशा में ऐतिहासिक कदम होगा। वहीं मनु चौधरी ‘दाँतल’ ने कहा कि कार्यक्रम का निमंत्रण देशभर में भेजा जा चुका है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम में भगवंत मान मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विश्वेंद्र सिंह अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में हनुमान बेनीवाल, बिरेंद्र सिंह, संजीव बालियान, महिपाल ढांडा, मोहित बेनीवाल और हरपाल पँवार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार समारोह में देश-विदेश से हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर बड़े स्तर पर लंगर, पार्किंग और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। करीब 5 से 8 हजार वाहनों की पार्किंग और 1000 वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कलाकार जाट संस्कृति की प्रस्तुति देंगे।