मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउददीनपुर में शनिवार रात दिल्ली से कूड़ा लेकर आ रहे एमसीडी के ट्रक में भरा कूड़ा बरिश और तेज हवा के चलते दिल्ली रोड़ पर बिखर गया। सड़क पर गिरे कूडे़ में फिसलकर एक आटो पलट गया और कई बाइक सवार सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। बताया गया कि मोदीनगर के कादराबाद से यह कूडा ट्रक से गिरता आ रहा था। दिल्ली के गाजीपुर और ओखला से एमसीडी के कूडे़ से भरे दर्जनों ट्रक मुज्जफरनगर और मेरठ के कूड़ा निस्तारण केंद्र में जाते हैं। शनिवार रात 9 बजे मोहिउददनपुर में दिल्ली रोड़ पर सैनी होटल के सामने दिल्ली से मेरठ की ओर आ रहे एमसीडी के एक ट्रक से कूड़ा सड़क पर गिर गया। बारिश के चलते लगभग एक ट्राली कूड़ा छोटे और बडे़ वाहनों की चपेट में आने के कारण सौ मीटर दूर तक सड़क पर फैल गया। इसी दौरान मोहिउददीनपुर से परतापुर जा रहा एक आटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में आटो चालक व एक अन्य युवक चोटिल हो गए। इसके अलावा कई बाइक सवार कूडे की चपेट में आकर फिसल गए। पास के होटल पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को उठाकर रवाना किया।