मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रविवार की दोपहर चाइल्ड लाइन टीम के साथ आरपीएफ और जीआरपी ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पहले रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, वेटिंग हॉल में पहुंचकर यात्रियों से बातचीत की और सामानों की सुरक्षा करते रहने को कहा। मऊ से होकर नई दिल्ली जाने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस (14005) में चढ़कर चेकिंग की। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक राजकपूर सिंह ने बताया कि मऊ स्टेशन पर भीड़भाड़ वाली जगह पर और ट्रेनों में बिछड़े हुए या घर से भागे हुए, गुमशुदा हुए बालक या ह्यूमन ट्रैफिकिंग से संबंधित विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ताकि ऐसे बच्चों को तलाशकर उनके घर पहुंचाया सके। इस दौरान मऊ के चाइल्ड लाइन काउंसलर रितेश कुमार चौरसिया, आरपीएफ उपनिरीक्षक इंद्रजीत यादव, विकास कुमार यादव आदि लोग मौजूद थे।