मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोकुल स्थित ठकुरानी घाट पर शनिवार सुबह यमुना में स्नान के दौरान एक किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस, पीएसी और एसडीआरएफ की टीम ने माैके पर पहुंचकर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश के बैतूल कोतवाली क्षेत्र के गांव वाजपुर निवासी रेवाराम अपने परिवार के साथ थाना बल्देव क्षेत्र के गांव बरोली स्थित रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में परिवार गोकुल बैराज के पास ठकुरानी घाट पहुंचा, जहां सभी लोग यमुना में स्नान करने लगे। इसी दौरान रेवाराम का पुत्र हरिओम अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद गोताखोर मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर थाना महावन प्रभारी निरीक्षक चेतराम शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोर की तलाश शुरू की।