यूपी के मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि ओवैसी को केवल उत्तर प्रदेश के चुनाव में ही प्रत्याशी उतारने की याद आती है। उन्हें 24 घंटे पहले उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच रहना चाहिए। गृहमंत्री अमित शाह द्वारा पीओके में रहने वाले हिंदू और मुस्लिमों को अपना बताने के बयान पर उन्होंने कहा कि चुनाव में मुद्दों से भटकाने के लिए ये सब हो रहा है। लोगों के मन में वहम डाला जा रहा है। वहीं इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर भी उन्होंने कहा कि सपा उसी सूची में कहीं भी नजर नहीं आई। इससे ये साबित हो गया कि सपा ने केवल विकास की राजनीति की है। चुनाव आयोग द्वारा कई राज्यों में लोकसभा चुनाव के साथ ही विधानसभा चुनाव कराए जाने पर सांसद ने कहा कि एक देश एक चुनाव जनता के साथ छलावा है। भाजपा ने एक देश एक कर की बात कहते हुए जीएसटी लागू किया था, लेकिन इसके बाद भी ऐसा नहीं हो सका। वहीं छुट्टा गोवंश की समस्या भी उन्होंने याद दिलाई। चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति पर भी सांसद ने सवाल खड़े किए।