करहल। मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते करहल की कई गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बजरिया क्षेत्र में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई, जहां सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और दुकानदारों को काफी परेशानियां उठानी पड़ीं। बारिश के कारण नालियों का पानी सड़कों पर आ गया और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के चलते कई इलाकों में पानी देर तक जमा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यही समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।