फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महोबा में यूरिया वितरण में मनमानी से भड़के किसान, किया हंगामा

शिखा पांडेय Updated Sat, 06 Dec 2025 06:41 PM IST

महोबा जिले में यूरिया खाद की कमी बनी हुई है। शनिवार को पीसीएफ कृषक केंद्र जैतपुर में खाद वितरण की सूचना पर सैकड़ों किसान समिति पहुंच गए। कई घंटे लाइन में लगने के बाद भी अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिली। इस पर किसानों ने खाद वितरण में मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। आक्रोशित महिलाएं समिति के गोदाम में घुस गईं। महिलाओं का आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें गोदाम में बंद किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। पीसीएफ कृषक केंद्र जैतपुर में ठंड के बाद भी किसान सुबह पांच बजे से समिति पहुंच गए। देखते ही देखते किसानों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। दोपहर बाद 100 से अधिक किसानों को टोकन नहीं मिले जबकि 50 से अधिक किसानों के पास टोकन होने के बाद भी खाद नहीं दी गई। इससे किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। समिति कर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया। इसी बीच कुछ महिला किसान गोदाम में घुस गईं और यूरिया लेने की जिद पर अड़ गईं। किसान उर्मिला, क्रांति, चंद्रकली, संतोष कुमारी, कैलाश देवी आदि ने आरोप लगाया कि टोकन होने के बाद भी उन्हें खाद नहीं दी गई। जब वह गोदाम के अंदर बोरियाें की स्थिति देखने गईं तो कर्मचारियों ने बाहर निकालने की कोशिश की। बाहर जाने से मना करने पर कर्मचारियों ने शटर गिराकर उन्हें गोदाम में बंद कर दिया। बाद में उन्हें निकाला गया। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने किसानों को समझाते हुए मामला शांत कराया। उधर, पीसीएफ प्रभारी दिनेश कुमार का कहना है किसानों के आरोप बेबुनियाद हैं। किसानों के टोकन पर दो बोरी यूरिया दी जा रही थी। कुछ महिलाएं जबरन गोदाम में घुस गईं, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। किसी महिला को अंदर बंद नहीं किया गया। किसानों के हंगामे के बाद वितरण रोक दिया गया था।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें